8 May 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

चंपावत कांड पर कामरेड इंद्रेश मैखुरी बोले उफ्फ भाजपा, हाय-हाय भाजपा !

चंपावत कांड पर कामरेड इंद्रेश मैखुरी बोले उफ्फ भाजपा, हाय-हाय भाजपा !

कामरेड इंद्रेश मैखुरी ने चंपावत कांड को लेकर बीजेपी, सरकार और पुलिस पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मैखुरी ने कहा चंपावत में 06 मई 2026 को एक नाबालिग लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म की सनसनीखेज खबर सामने आई. यह भी खबर आई कि उक्त जघन्य अपराध के आरोपियों में एक भाजपा का पूर्व मंडल उपाध्यक्ष भी है. पूरे उत्तरखंड में इस खबर को लेकर गहरी नाराजगी और आक्रोश उत्पन्न हुआ. प्रदेश भर में इस घटना को लेकर विरोध-प्रदर्शनों का सिलसिला शुरू हो गया, लेकिन चौबीस घंटा बीतते-न-बीतते 07 मई की शाम को चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव ने खुलासा करते हुए कहा कि पीड़िता के साथ ऐसी कोई घटना नहीं हुई है और यह एक साजिश थी. हालांकि दिन भर से यह भी चर्चा चलती रही कि पीड़ित परिवार को मामला ख़त्म करने के लिए 50 लाख रूपए का प्रस्ताव आरोपियों की ओर से दिया गया. लेकिन शाम होते-होते चंपावत की पुलिस अधीक्षक और मुख्य चिकित्सा अधीक्षक के सार्वजानिक वक्तव्य ने सारी बातों का पटाक्षेप कर दिया।

अभी चूंकि दूसरी कोई बात या तथ्य तात्कालिक तौर पर हमारे सामने नहीं है तो संदेह के भाव के बावजूद, मान लेते हैं कि पुलिस ही सही कह रही है. लेकिन फिर भी भाजपा पर तो कुछ सवाल खड़े होते हैं, कुछ उंगलियां उठती हैं ! चंपावत की पुलिस अधीक्षक ने अपने वक्तव्य में कहा कि पीड़िता को मोहरा बना कर सामूहिक दुष्कर्म की कहानी गढ़ने वाला व्यक्ति कमल रावत है और इसमें उसकी महिला मित्र शामिल है. कमल रावत नाम का उक्त व्यक्ति, इस घटना के सामने आने के बाद से इस मामले में ख़ासा सक्रिय दिखाई दे रहा था.

See also  अनुसूचित जाति आयोग की जनसुनवाई में 40 प्रकरण आए

पर है कौन ये कमल रावत ? कमल रावत, भाजपा के चंपावत जिले के तल्लादेश मंडल का अध्यक्ष हुआ करता था. दिसंबर 2023 में कमल रावत पर एक नाबालिग लड़की के दुष्कर्म का आरोप लगा. पहले तो वह फरार हो गया. लेकिन तीन दिन बाद उसकी गिरफ्तारी हो गयी. उस मामले में भी आरोपी कमल रावत के राजनीतिक रसूख के चलते पुलिस ने एफआईआर लिखने में आठ घंटे से अधिक लगाए थे. उक्त मामले में मई 2024 में कमल रावत की उच्च न्यायालय से जमानत हुई. अप्रैल 2026 में कमल रावत उक्त मामले में उच्च न्यायालय से बरी हो गया. बरी होने के बाद, उसके द्वारा विधानसभा चुनाव में दावेदारी करने जैसी बातें ऐसे उछाली गयी, जैसे वो कोई रण जीत कर या किला फतह करके आया हो !

See also  चंपावत पुलिस ने गैंगरेप केस को फर्जी बताया, कमल रावत पर साजिश का आरोप

 

चंपावत की पुलिस अधीक्षक रेखा यादव कह रही हैं कि कमल रावत ने उक्त मामले का बदला लेने के लिए यह षड्यंत्र रचा. पुलिस पर तो यह सवाल है कि कमल रावत के प्रकरण में तो पुलिस नहीं मानती थी कि मामला फर्जी है तो फिर अदालत में वह अपने केस को क्यों नहीं साबित कर पाई ? उच्च न्यायालय की एकल पीठ ने केस खारिज कर दिया था तो डबल बेंच में जाती पुलिस. पर ऐसा पुलिस ने कुछ नहीं किया.

 

अगर पुलिस की इस बात को मान लें कि अपने को आरोपी बनाए जाने से खिन्न कमल रावत ने बदला लेने के लिए दूसरों को सामूहिक दुष्कर्म के मामले में फंसाना चाहा तो यह बेहद गंभीर मामला है.

See also  ऑपरेशन प्रहार के तहत उत्तराखंड एसटीएफ को मिली कामयाबी, 50 हजार का इनामी बदमाश गिरफ्तार, 2018 से दे रहा था चकमा

 

पर इस घटनाक्रम में गौर करिए कि भाजपा के एक पूर्व मंडल अध्यक्ष- कमल रावत ने किसको सामूहिक दुष्कर्म के आरोप में फंसाना चाहा – भाजपा के एक निवर्तमान मंडल उपाध्यक्ष पूरन सिंह रावत और दो अन्य को ! यही है भाजपा का चाल, चरित्र और चेहरा ?

 

कमल रावत जब केस से छूट कर आया तब भी उसने भाजपा के ही लोगों पर अपने राजनीतिक करियर को ख़त्म करने का आरोप लगाया !

तो क्या मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के विधानसभा क्षेत्र चंपावत में भाजपा के भीतर कोई गैंगवॉर चल रही है, जहां एक-दूसरे को ठिकाने लगाने के लिए किसी भी हद तक जाया जा सकता है ? और यह गैंगवॉर सिर्फ चंपावत तक ही सीमित है, या सारे प्रदेश में चरित्र और चेहरे वाले ऐसी ही चाल, एक-दूसरे के खिलाफ चल रहे हैं ? अफ़सोस कि नारी शक्ति के वंदन का शोर मचाने वाली और बेटी बचाओ का नारा उछालने वाली भाजपा के नेताओं के लिए मासूम, निर्दोष बच्चियां, अपने इसे गैंगवॉर में सिर्फ इस्तेमाल करने का चीज भर हैं !