17 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

करन माहरा ने मांगा पीएम मोदी का इस्तीफा बताई क्या वजह?

करन माहरा ने मांगा पीएम मोदी का इस्तीफा बताई क्या वजह?

उत्तराखण्ड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मध्य प्रदेश में दिये गये चुनावी भाषण के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी को अपशब्द कहे जाने पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि नरेन्द्र मोदी पूरी तरह से अपना मानसिक संतुलन खो चुके हैं तथा उन्हें प्रधानमंत्री पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने एक बयान जारी करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी देश के ही नहीं दुनिया के सबसे झूठे व्यक्ति हैं उन्होंने अपने 9 वर्ष के प्रधानमंत्रित्व काल में झूठ बोलने और देश की जनता को गुमराह करने के अलावा कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जैसे गरिमामयी पद पर बैठे व्यक्ति द्वारा सबसे बड़ी विपक्षी पार्टी के शीर्ष नेता के लिए इस प्रकार के अपशब्द शोभा नहीं देते हैं उन्होंने प्रधानमंत्री पद की गरिमा को निम्न स्तर तक गिरा दिया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने चुनावी भाषण में जिस जिस प्रकार हार की घबराहट को जाहिर किया है वह किसी से छुप नहीं सका है। उन्होंने कहा कि यह पहला अवसर नहीं है जब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपनी बदजुबानी का परिचय दिया है बल्कि इससे पहले कांग्रेस की शीर्ष नेता श्रीमती सोनिया गांधी जी एवं वरिष्ठ सांसद रेणुका चौधरी जी के बारे मे भी अपनी इसी विक्षिप्त मानसिकता का परिचय दे चुके हैं।

See also  सीएम धामी ने हरिद्वार में लगाई मुख्य सेवक की चौपाल

करन माहरा ने कहा कि आलू से सोना बनाने की बात राहुल गांधी जी ने नहीं बल्कि स्वयं नरेन्द्र मोदी ने गुजरात की एक चुनावी सभा में बोली थी तथा सोशल मीडिया के माध्यम से झूठों की जमात से भरी भाजपा ने करोड़ों रूपये खर्च कर इसे राहुल गांधी जी का बयान बताकर जनता को गुमराह किया था जबकि सच्चाई इससे बहुत परे है। उन्होंने कहा कि जिस मध्य प्रदेश की चुनावी सभा में झूठों के सरताज नरेन्द्र मोदी विपक्ष पर तरह-तरह के आरोप लगा रहे थे उसी मध्य प्रदेश से मोदी सरकार के कृषि मंत्री नरेन्द्र तोमर आते हैं जिनके भ्रष्टाचार के वीडियो उनके बेटे के माध्यम से वायरल हो रहे हैं परन्तु कांग्रेस पर परिवारवाद और भ्रष्टाचार का आरोप लगाने वाले नरेन्द्र मोदी को उसमें न तो भ्रष्टाचार नजर आ रहा है और न ही परिवारवाद। उन्होंने कहा कि विपक्षी दल के नेताओं के घर बात-बात में सीबीआई और ईडी भेजने वाले नरेन्द्र मोदी की सरकार को भाजपा के नेताओं का भ्रष्टाचार नहीं दिखाई देता है तथा भाजपा के बडबोले प्रवक्ताओं की जुबान को लकुवा मार जाता है तथा सीबीआई और ईडी कार्यालय में हडताल हो जाती है। उन्होने कहा कि जब मणिपुर में महिलाओं की अस्मिता लूटी जाती है हिंसा होती है तब बडबोले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके प्रवक्ताओं की जुबान नहीं हिलती परन्तु जब गांधी परिवार और कांग्रेस पार्टी पर झूठे आरोप लगाने होते हैं तो नरेन्द्र मोदी और उनकी पार्टी के अनपढ़ प्रवक्ताओं की जुबान गजभर की हो जाती है और वे बेशर्मी की सभी सीमाओं को लांघ जाते हैं।

See also  रुद्रप्रयाग में पुलिस चला रही सघन चेकिंग अभियान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा ने कहा कि प्रधानमंत्री बनने के बाद जितने झूठ नरेन्द्र मोदी ने बोले हैं तथा उनके पद चिन्हों पर चलते हुए उनकी पार्टी के प्रवक्ताओं ने बोले हैं उसके लिए उन्हें झूठो के सरताज की उपाधि दी जाय तो अतिश्योक्ति नहीं होगी। उन्होंने कहा कि पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनावों की हार से नरेन्द्र मोदी इतने बौखला गये हैं कि प्रधानमंत्री पद की गरिमा का भी उन्हें ख्याल नहीं आ रहा है उन्हें अपने पद से त्यागपत्र दे देना चाहिए।