20 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

रुद्रप्रयाग में बनेगा राज्य गेस्ट हाउस, सचिव ने की समीक्षा

रुद्रप्रयाग में बनेगा राज्य गेस्ट हाउस, सचिव ने की समीक्षा

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के दिशा-निर्देशों के अनुरूप चारधाम यात्रा मार्ग पर बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जनपद रुद्रप्रयाग के रतूड़ा क्षेत्र में प्रस्तावित राज्य अतिथि गृह के निर्माण को लेकर आज राज्य सचिवालय में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई।

सचिव, राज्य संपत्ति विभाग डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में अतिथि गृह की कार्ययोजना, डिजाइन और निर्माण संबंधी विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। चारधाम यात्रा के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण माने जा रहे इस राज्य अतिथि गृह के निर्माण के लिए रतूड़ा में 0.375 हेक्टेयर भूमि चिन्हित की गई है। यह परियोजना मुख्यमंत्री की घोषणाओं में शामिल है, जिसके चलते इसे सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने का निर्णय लिया गया है।अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि परियोजना की डीपीआर शीघ्र तैयार कर शासन को उपलब्ध कराई जाए, ताकि निर्माण कार्य समयबद्ध ढंग से शुरू किया जा सके।

See also  हरिद्वार नगर निगम जमीन घोटाले में धामी सरकार का बड़ा एक्शन

सचिव ने कार्यदायी संस्था प्रांतीय खंड PWD, रुद्रप्रयाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रस्तावित भवन को आधुनिक पहाड़ी शैली में विकसित किया जाए। भवन के निर्माण में स्थानीय वास्तुकला, प्राकृतिक परिवेश और पर्वतीय क्षेत्रों की विशेष आवश्यकताओं को ध्यान में रखा जाए, जिससे यह संरचना उत्तराखण्ड की सांस्कृतिक पहचान को भी प्रतिबिंबित कर सके।

बैठक में पर्यावरणीय और तकनीकी मानकों के अनुपालन पर भी विशेष जोर दिया गया। सचिव ने निर्देश दिए कि भवन की नदी से दूरी NGT के मानकों के अनुरूप निर्धारित की जाए। इसके अलावा भवन की ऊंचाई तथा निर्माण संबंधी सभी मानदंड पर्वतीय क्षेत्रों के निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित किए जाएं। सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की मंशा के अनुरूप राज्य की परिसंपत्तियों को आधुनिक और उपयोगी स्वरूप प्रदान किया जा रहा है।

See also  पल्स पोलियो अभियान को लेकर तैयारी तेज, डीएम पिथौरागढ़ ने की टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक