17 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए लोगों को बीजेपी ने दी श्रद्धांजलि

अहमदाबाद विमान हादसे में मारे गए लोगों को बीजेपी ने दी श्रद्धांजलि

अहमदाबाद प्लेन  हादसे में मारे गए लोगों को उत्तराखंड बीजेपी ने श्रद्धांजलि दी। बलवीर रोड स्थित पार्टी मुख्यालय में शोक सभा का आयोजन किया गया। जिसमें पार्टी राष्ट्रीय महामंत्री एवं प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम और प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने पुष्प अर्पित करते हुए अपनी मौन श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि देते हुए  दुष्यंत कुमार गौतम से कहा, जब से अहमदाबाद से लंदन जाने वाले विमान क्रैश हुआ, तब से देश में शोक की लहर व्याप्त है। देश ही नहीं विश्व के भी लोगों ने उसमें जान गंवाई है, उससे चारो और शोकाकुल वातावरण है। अपनी हवाई यात्रा का जिक्र करते हुए कहा, आज एयरपोर्ट में यात्री तो थे लेकिन वह चहल-पहल और आपसी चर्चा नहीं दिखाई जो अमूमन नजर आती थी। कल के दुखद हादसे में हमने जिनको भी खोया, उनका सामाजिक आर्थिक व्यवहारिक योगदान महत्वपूर्ण था। भाजपा परिवार ने भी इस दुर्घटना में अपने बहुत ही वरिष्ठ नेता एवं गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री  विजय रुपाणी को खोया है। हम सभी के परिवार के लिए यह घटना बहुत दुखद है। राहत बचाव कार्यों को लेकर वहां कल से पूरा प्रशासन, पूरी सरकार लगी हुई है। ऐसे में हमारी प्रभु से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्माओं को अपने चरणों में स्थान दें और जिन परिवारों को क्षति या नुकसान हुआ है, उनको दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। वहीं इस संकट और पीड़ा से पार पाते हुए, देश को पुनः विकास की धारा में आगे बढ़ाने की शक्ति ईश्वर हमे प्रदान करें।

See also  उत्तराखंड पुलिस फिर चलाएगी वेरिफिकेशन ड्राइव, कानून व्यवस्था के मद्देनजर फैसला

इस दौरान अपनी संवेदना में प्रदेशाध्यक्ष भट्ट ने कहा, कल का घटनाक्रम बहुत ही दुखद है जिसमें 265 व्यक्ति अकाल मृत्यु को प्राप्त हुए। ये ऐसी क्षति है जिसकी जिसकी कल्पना नहीं की गई थी, भारत के नागरिकों के साथ-साथ अनेक देशों के नागरिक की भी इसमें क्षति हुई है। इतनी बड़ी घटना में दुख व्यक्त करने के प्रत्येक शब्द कमतर हैं। लिहाजा हम सभी परमपिता परमात्मा से प्रार्थना करते हैं कि सभी को अपने श्री चरणों में स्थान दे और पीड़ित परिवारों को इस असीम दुख सहने का सामर्थ्य प्रदान करें। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता के नाते हमारी संवेदना उन परिवारों के साथ है। पार्टी ने अपने सभी कार्यक्रम को तत्काल प्रभाव से स्थगित किया है और आज देश की तरह प्रदेश में भी पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा श्रद्धांजलि दी जा रही है।

See also  देहरादून में फिटनेस को लेकर पहल, भगत सिंह कोश्यारी भी हुए शामिल

पूर्व मुख्यमंत्री डॉक्टर रमेश पोखरियाल निशंक ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, पूरा देश और दुनिया इस हृदय विदारक घटना को लेकर बहुत दुख एवं शोक में है। हम सब लोग और देवभूमि उत्तराखंड के नागरिक, ऐसे सभी पुण्य आत्माओं की सुख शांति के लिए प्रार्थना करते हैं जिन्होंने अपने जीवन को खोया है। साथ ही उनके परिवार के लोगों को भी पीड़ा सहने का सामर्थ्य प्रदान करने की कामना की।