15 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

पिथौरागढ़ में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी को लेकर डीएम के आदेश

पिथौरागढ़ में गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी को लेकर डीएम के आदेश

जिला कार्यालय सभागार, पिथौरागढ़ में जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई की अध्यक्षता में घरेलू एवं व्यवसायिक गैस सिलेंडरों के भंडारण तथा वितरण व्यवस्था के संबंध में होटल एसोसिएशन एवं व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई।

बैठक में व्यापार मंडल एवं होटल एसोसिएशन के प्रतिनिधियों द्वारा विभिन्न सुझाव प्रस्तुत किए गए। जिलाधिकारी ने प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त सुझावों को शासन स्तर पर आयोजित बैठकों में रखा जाएगा तथा आवश्यक कार्यवाही शासन के दिशा-निर्देशों के अनुसार की जाएगी।

प्रतिनिधियों द्वारा नगर क्षेत्र में कमर्शियल सिलेंडरों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा होटल एवं भोजनालयों में कार्यरत स्टाफ के भोजन हेतु गैस सिलेंडर उपलब्ध कराए जाने की मांग रखी गई। इस पर जिलाधिकारी ने कहा कि इस संबंध में शासन स्तर पर वार्ता कर शीघ्र समाधान निकाला जाएगा। बैठक में प्रतिदिन की स्थिति की समीक्षा करते हुए वैकल्पिक व्यवस्था तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया।

See also  सीएम धामी ने खटीमा में प्रबुद्ध जनों से किया संवाद

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए जनपद में बुकिंग गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद फोन कर उनके घर तक गैस सिलेंडर पहुंचाया जाए, जिससे लंबी कतारों एवं अनावश्यक भीड़ की स्थिति पर नियंत्रण किया जा सके।

जिलाधिकारी ने इस आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने हेतु अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया कि जनपद के प्रत्येक उपभोक्ता को घर पर गैस सिलेंडर की आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए, अन्यथा संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की जाएगी।

उन्होंने जनता से अपील करते हुए कहा कि जनपद में घरेलू गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है तथा आपूर्ति निरंतर जारी है। उन्होंने आगे बताया कि कमर्शियल गैस सिलेंडरों के संबंध में शासन द्वारा प्राथमिकता के आधार पर चिकित्सा संस्थानों एवं शैक्षणिक संस्थानों को आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

See also  खटीमा में प्रगति पथ यात्रा में शामिल हुए सीएम धामी

जिलाधिकारी ने पूर्ति विभाग को निर्देश दिए कि आईओसीएल, एचपीसीएल एवं बीपीसीएल के प्रबंधकों से समन्वय कर कुछ दिनों के लिए गैस सिलेंडर आपूर्ति करने वाले वाहनों की संख्या बढ़ाई जाए, ताकि लंबित मांग को शीघ्र पूरा कर स्थिति को सामान्य किया जा सके। जिलाधिकारी ने जनता से प्रशासन को सहयोग करने की एवं धैर्य रखने की अपील है।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि यदि किसी को गैस वितरण से संबंधित कोई समस्या या सुझाव हो तो वह टोल फ्री नंबर 1077 पर संपर्क कर अपनी शिकायत अथवा सुझाव दर्ज करा सकते हैं। उन्होंने बताया कि अब तक टोल फ्री नंबर पर कुल 7 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 4 शिकायतें 12 मार्च तथा 3 शिकायतें 13 मार्च को प्राप्त हुईं, जिनका निराकरण कर दिया गया है।

See also  सीएम धामी ने किया भगवान भोलेनाथ और बजरंग बली हनुमान की मूर्तियों का अनावरण

जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारी तहसीलदार एवं पूर्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनपद में कहीं भी कालाबाजारी की स्थिति उत्पन्न ना हो और कालाबाजारी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए।

बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष नवयल, अपर जिलाधिकारी योगेन्द्र सिंह, जनपद के समस्त उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, पूर्ति विभाग के सप्लाई इंस्पेक्टर भुवन सनवाल सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।