10 August 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

डीएम पिथौरागढ़ ने किया मुनस्यारी तहसील का औचक निरीक्षण

डीएम पिथौरागढ़ ने किया मुनस्यारी तहसील का औचक निरीक्षण

जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगाई द्वारा देर सायं तहसील एवं ब्लॉक मुनस्यारी का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने तहसील एवं ब्लॉक कार्यालयों के विभिन्न पटलों, अभिलेखों, जनसेवा से जुड़े कार्यों, विकास योजनाओं, प्रमाण पत्र निर्गमन व्यवस्था, शिकायत निस्तारण प्रणाली तथा कार्यालय की साफ-सफाई एवं अनुशासन की स्थिति का विस्तृत निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी, तहसीलदार, खंड विकास अधिकारी एवं संबंधित अधिकारियों से कार्यालय में संचालित विभिन्न कार्यों की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राजस्व, आपदा प्रबंधन, प्रमाण पत्र निर्गमन, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा, मनरेगा, पेयजल, सड़क, स्वच्छता, आवास, ग्रामीण विकास, आजीविका संवर्धन एवं अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की

जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर प्राप्त होने वाले सभी प्रकरणों का समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि आमजन से जुड़े मामलों को अनावश्यक रूप से लंबित रखना किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जाएगा। प्रत्येक पटल पर प्राप्त प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण कर लोगों को राहत प्रदान की जाए।

See also  उत्तराखंड बीजेपी में शामिल हुए कई पूर्व सैनिक

तहसील निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने आय, जाति, निवास, खतौनी, सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, आपदा राहत, भूमि संबंधी प्रकरणों तथा शिकायत पंजिकाओं का अवलोकन किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी राजस्व प्रकरणों का निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए तथा प्रमाण पत्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी किया जाए। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्र होने के कारण मुनस्यारी के लोगों को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, इसके लिए जनसेवा को सरल एवं सुगम बनाया जाए।

जिलाधिकारी ने तहसील परिसर स्थित रिकॉर्ड रूम, अभिलेखागार एवं विभिन्न रजिस्टरों का निरीक्षण करते हुए निर्देश दिए कि सभी अभिलेख सुव्यवस्थित ढंग से सुरक्षित रखे जाएं। पुराने अभिलेखों के संरक्षण, डिजिटाइजेशन एवं रिकॉर्ड प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए। उन्होंने कहा कि रिकॉर्ड का डिजिटाइजेशन प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता एवं दक्षता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

See also  पिथौरागढ़ में जारा जिबली के लोगों का आमरण अनशन खत्म, सीएम धामी ने वीडियो कॉल पर दिया मांग पूरी करने का भरोसा

ब्लॉक निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन, महिला स्वयं सहायता समूहों, ग्रामीण सड़क निर्माण, पंचायत स्तर पर संचालित विकास कार्यों एवं विभिन्न योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय से पहुंचे तथा योजनाओं के कार्यान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता सुनिश्चित की जाए।

जिलाधिकारी ने ब्लॉक एवं तहसील परिसर की साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, विद्युत व्यवस्था, आगंतुकों के बैठने की व्यवस्था तथा जनसुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि कार्यालय में आने वाले लोगों को बेहतर वातावरण एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने निर्देश दिए कि कार्यालय परिसर में स्वच्छता, अनुशासन एवं कार्य संस्कृति को बेहतर बनाया जाए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका का भी अवलोकन किया तथा समय से कार्यालय पहुंचने एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी जनहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा शिकायतकर्ता एवं आमजन के साथ संवेदनशील एवं सकारात्मक व्यवहार अपनाएं।

See also  सीएम धामी ने तीलू रौतेली पुरस्कार से 13 महिलाओं को किया सम्मानित

जिलाधिकारी ने कहा कि तहसील एवं ब्लॉक स्तर पर होने वाले कार्य सीधे आमजन से जुड़े होते हैं, इसलिए विकास एवं जनसेवा से संबंधित सभी कार्यों में जवाबदेही, पारदर्शिता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासन की मंशा के अनुरूप जनता को सरल, सुगम एवं प्रभावी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं तथा शिकायतों का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।