9 February 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

रानीपोखरी में लॉ यूनिवर्सिटी की जमीन का मुद्दा गरमाया, कांग्रेस ने एसडीएम ऋषिकेश को ज्ञापन सौंपा, सरकार को अल्टीमेटम दिया

रानीपोखरी में लॉ यूनिवर्सिटी की जमीन का मुद्दा गरमाया, कांग्रेस ने एसडीएम ऋषिकेश को ज्ञापन सौंपा, सरकार को अल्टीमेटम दिया

डोईवाला क्षेत्र के रानीपोखरी न्याय पंचायत में विधि विश्वविद्यालय की स्थापना हेतु पूर्व में आवंटित भूमि को किसी अन्य उद्देश्य से देने के प्रयासों को लेकर कांग्रेस पार्टी ने कड़ा विरोध दर्ज किया है। डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस के नेतृत्व में इस मुद्दे को लेकर ऋषिकेश उपजिलाधिकारी के नाम तहसील कार्यालय में ज्ञापन सौंपा गया। परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि वर्ष 2018 में तत्कालीन मुख्यमंत्री  त्रिवेन्द्र सिंह रावत द्वारा विधि विश्वविद्यालय के निर्माण हेतु भूमि आवंटित की गई थी। ये निर्णय क्षेत्र के युवाओं और उच्च शिक्षा के भविष्य से जुड़ा था। आज उसी भूमि को किसी और को देने की तैयारी भाजपा सरकार की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े करती है। कांग्रेस इसे जनता के साथ विश्वासघात मानती है और इसका पुरजोर विरोध करेगी। पूर्व में इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस द्वारा आंदोलन किया गया था।

See also  सचिवालय में हुई सचिव समिति की अहम बैठक

डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र स्वरूप भट्ट ने कहा की विधि विश्वविद्यालय डोईवाला क्षेत्र के छात्रों के लिए शिक्षा का बड़ा केंद्र बन सकता था, लेकिन सरकार की उदासीनता और गलत नीतियों के कारण इस महत्वपूर्ण परियोजना को खतरे में डाला जा रहा है। ब्लॉक कांग्रेस कमेटी डोईवाला ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपते हुए स्पष्ट कर दिया है कि यदि 15 दिनों के भीतर भूमि आवंटन से जुड़ी प्रक्रिया को निरस्त नहीं किया गया, तो कांग्रेस जन आंदोलन के लिए बाध्य होगी।

वहीं कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद कपरवान ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा भाजपा सरकार लगातार शिक्षा, युवाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों की अनदेखी कर रही है। विधि विश्वविद्यालय की भूमि को किसी और को देना प्रदेश के भविष्य के साथ खिलवाड़ है। कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे को सड़क से लेकर सदन तक उठाएगी और जरूरत पड़ी तो व्यापक आंदोलन करेगी। सरकार को तत्काल इस निर्णय पर पुनर्विचार करना होगा।

See also  16 फरवरी की रैली के लिए कांग्रेस की अहम बैठक, बनी सरकार को घेरने की रणनीति

कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन से मांग की यूनिवर्सिटी के लिए पूर्व में की गई भूमि आवंटन प्रक्रिया को यथावत रखा जाए और जल्द विश्वविद्यालय का कार्य शुरू किया जाए।किसी भी प्रकार का अन्य आवंटन तत्काल प्रभाव से रोका जाए।जनभावनाओं के अनुरूप शीघ्र स्पष्ट निर्णय लिया जाए। कांग्रेस ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने जनहित से जुड़े इस विषय पर जल्द निर्णय नहीं लिया, तो इसके लिए राज्य सरकार और प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होंगे। इस दौरान परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र स्वरूप भट्ट,कांग्रेस प्रदेश प्रवक्ता प्रमोद कपरवान शास्त्री, कांग्रेस जिला उपाध्यक्ष एसपी बहुगुणा,रानीपोखरी मंडलम अध्यक्ष मोहित कपरवान आदि उपस्थित रहे।