रसोई गैस सिलेंडर सहित आवश्यक वस्तुओं की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने भाजपा सरकार का पुतला दहन कर केंद्र सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
इस अवसर पर पूर्व महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार के कार्यकाल में महंगाई लगातार बढ़ती जा रही है, जिससे आम जनता का जीवन कठिन हो गया है। रसोई गैस, पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल, दाल, आटा, दूध तथा अन्य आवश्यक वस्तुओं की कीमतों में हुई भारी वृद्धि ने मध्यम वर्ग, गरीब और श्रमिक परिवारों का घरेलू बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है।

उन्होंने आगे कहा कि वर्ष 2014 की तुलना में आज रसोई गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल, खाद्य तेल, आटा और दूध की कीमतों में अभूतपूर्व वृद्धि हुई है। महंगाई पर नियंत्रण पाने में विफल केंद्र सरकार जनता को राहत देने के बजाय लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा रही है। बढ़ती महंगाई के कारण महिलाओं के लिए घर का खर्च चलाना मुश्किल होता जा रहा है और आम नागरिकों की बचत लगातार प्रभावित हो रही है।
पूर्व विधायक राजकुमार ने कहा कि चुनावी समय में कीमतों को नियंत्रित रखने का दिखावा करने वाली केंद्र सरकार अब लगातार पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर, पीएनजी और सीएनजी के दाम बढ़ाकर जनता की जेब पर सीधा हमला कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार आम नागरिकों के हितों की अनदेखी कर रही है और बढ़ती महंगाई पर कोई ठोस कदम उठाने में विफल रही है।
पार्षद अर्जुन सोनकर ने कहा कि महंगाई आज देश की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी है। रसोई गैस सिलेंडर के बढ़ते दामों ने गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों की रसोई का बजट पूरी तरह बिगाड़ दिया है। भाजपा सरकार ने अच्छे दिनों का वादा किया था, लेकिन आज आम जनता महंगाई, बेरोजगारी और आर्थिक संकट से जूझ रही है।
उन्होंने कहा कि गैस सिलेंडर, पेट्रोल, डीजल और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों का सीधा असर आम परिवारों पर पड़ रहा है। कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज़ बनकर इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और जब तक बढ़े हुए दाम वापस नहीं लिए जाते, तब तक जनहित के लिए संघर्ष जारी रहेगा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार से रसोई गैस एवं अन्य आवश्यक वस्तुओं की बढ़ी हुई कीमतें तत्काल वापस लेने की मांग की तथा चेतावनी दी कि यदि जनता को राहत नहीं दी गई तो कांग्रेस पार्टी प्रदेशभर में आंदोलन को और तेज करेगी।

More Stories
पिथौरागढ़ के मुनस्यारी में राज्यपाल ने की प्रशासनिक कार्यों की समीक्षा
केशव नेगी की दिल्ली में गिरफ्तारी, सांसद त्रिवेंद्र रावत बोले नहीं होने देंगे नाइंसाफी
उत्तराखंड के आपदा प्रबंधन मॉडल की ग्लोबल स्टेज पर सराहना