जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में आज जोशीमठ सीवरेज एवं पेयजल परियोजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में लगभग 115 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित एवं संचालित कार्यों की प्रगति, भूमि चयन, विभागीय अनुमति तथा निर्माण कार्यों की तैयारियों की विस्तार से समीक्षा की गई। परियोजना के तहत जोशीमठ क्षेत्र में 3,858 सीवरेज कनेक्शन एवं 2,701 पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके साथ ही चार नए पेयजल टैंकों का निर्माण, पुराने टैंकों की रेट्रोफिटिंग, एसटीपी प्लांट की स्थापना तथा सीवरेज एवं हाउसहोल्ड सर्विस कनेक्शन से संबंधित कार्य किए जाएंगे। समस्त कार्यों को मार्च 2029 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि परियोजना के कार्यों हेतु सभी संबंधित विभागों से आवश्यक अनुमति एवं एनओसी प्राथमिकता के आधार पर प्राप्त करते हुए एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य प्रारंभ करें। उन्होंने कहा कि जोशीमठ क्षेत्र में श्री बद्रीनाथ धाम यात्रा मार्ग पर कार्य करते समय संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि निर्माण कार्यों के कारण श्रद्धालुओं एवं स्थानीय लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिलाधिकारी ने सड़कों पर सीवरेज एवं ड्रेनेज से संबंधित कार्यों के दौरान खुदाई, पाइपलाइन बिछाने तथा रोड रेस्टोरेशन का कार्य साथ-साथ करने के निर्देश दिए, ताकि सड़क मार्ग को अनावश्यक रूप से लंबे समय तक बाधित न रखना पड़े। उन्होंने 3 एमएलडी एसटीपी प्लांट के लिए भूमि चयन हेतु उपजिलाधिकारी जोशीमठ को आवश्यक कार्रवाई करने तथा सभी प्रस्तावित निर्माण कार्यों के लिए भू-वैज्ञानिक सर्वेक्षण कराकर उपयुक्त भूमि का चयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार निर्माण कार्यों से निकलने वाले मलबे के निस्तारण के लिए डंपिंग जोन का चयन भी नियमानुसार करने को कहा।
उन्होंने जल संस्थान के अधिकारियों को परियोजना कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्यों के दौरान वर्तमान पेयजल आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित न हो, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। जिलाधिकारी ने परियोजना से जुड़े सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक प्रकाश, उपजिलाधिकारी जोशीमठ चंद्रशेखर वशिष्ठ, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित यूयूएसडीए, जल निगम, सिंचाई विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

More Stories
मुख्य सचिव ने की अहम बैठक
सीएम धामी ने आपदा राहत सेवा दल को दिखाई हरी झंडी, नेपाल में मदद के लिए भेजा
विश्व बैंक के प्रतिनिधियों के साथ मुख्य सचिव की बैठक