18 June 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

डीएम पिथौरागढ़ का पीडब्ल्यूडी दफ्तर में छापा, नदारद मिले कर्मचारी, भेजा गया कारण बताओ नोटिस

डीएम पिथौरागढ़ का पीडब्ल्यूडी दफ्तर में छापा, नदारद मिले कर्मचारी, भेजा गया कारण बताओ नोटिस

पिथौरागढ़ में विकास कार्यों की गुणवत्ता एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर जिलाधिकारी आशीष कुमार भटगांई ने आज लोक निर्माण विभाग कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विभागीय कार्यों, सड़क निर्माण एवं मरम्मत कार्यों की प्रगति, शिकायत निस्तारण व्यवस्था तथा कर्मचारियों की उपस्थिति का गहन निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने अधिकारियों के साथ सड़कों की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनपद की जो भी सड़कें क्षतिग्रस्त अथवा खराब स्थिति में हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर तत्काल ठीक कराया जाए। उन्होंने कहा कि सड़कें आमजन की सुविधा से सीधे जुड़ा विषय हैं तथा इसमें किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

See also  पल्स पोलियो अभियान को लेकर तैयारी तेज, डीएम पिथौरागढ़ ने की टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी जब विभागीय कक्षों में पहुंचे तो उन्होंने पाया कि कुछ अधिकारी एवं कर्मचारी सीएम हेल्पलाइन पोर्टल खोलकर प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की प्रक्रिया में लगे हुए थे। इस पर जिलाधिकारी ने उनकी सराहना करते हुए कहा कि शिकायतों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण शासन की मंशा के अनुरूप अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अन्य विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भी निर्देशित किया कि वे नियमित रूप से सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की समीक्षा कर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें। हालांकि निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्यप्रणाली में कुछ कमियां भी पाईं, जिस पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने कहा कि विभागीय कार्यों में किसी भी स्तर की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जिम्मेदारी तय करते हुए आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

See also  किनारे बांध परियोजना के एमओयू पर सहमति

इसके बाद जिलाधिकारी ने विभाग का उपस्थिति रजिस्टर भी चेक किया। निरीक्षण के समय कई कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए, जिस पर जिलाधिकारी ने गहरी नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने अनुपस्थित कार्मिकों के विरुद्ध कारण बताओ नोटिस (शो कॉज नोटिस) जारी करने तथा जवाब तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिना पूर्व सूचना अथवा उचित कारण के अनुपस्थिति गंभीर अनुशासनहीनता की श्रेणी में आती है और ऐसे मामलों में नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जिलाधिकारी ने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि सभी अधिकारी एवं कर्मचारी समयबद्धता, अनुशासन और जवाबदेही के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें ताकि आमजन को बेहतर सेवाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं को धरातल पर उतारने के लिए सभी विभागों को पूर्ण गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।

See also  उत्तराखंड में तेजी से आगे बढ़ रही SIR की प्रक्रिया