26 March 2025

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

उत्तराखंड सरकार पर ज्योति रौतेला ने लगाया लाखों महिलाओं की रोजी रोटी छीनने का आरोप

उत्तराखंड सरकार पर ज्योति रौतेला ने लगाया लाखों महिलाओं की रोजी रोटी छीनने का आरोप

उत्तराखंड महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने सरकार पर महिला सशक्तिकरण के नाम पर दिखावा करने का आरोप लगाया है। ज्योति रौतेला ने कहा कि डबल इंजन सरकार एक तरफ महिला कल्याण की बात करती है, महिलाओं को सशक्त और स्वावलंबी बनाने की बात करती है वहीं महिला एवं बाल विकास मंत्रालय ने महिला स्वयं सहायता समूहों का स्वरोजगार छीनने का किम किया है। रौतेला ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय से स्वरोजगार की दृष्टि से पोषाहार राशन योजना के तहत वितरित की जाने वाली राशन को अब भारत सरकार के स्वामित्व वाले संस्थान एन.सी.सी.एफ. के माध्यम से वितरित किये जाने की योजना बनाई जा रही है।

ज्योति रौतेला ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य में संचालित लगभग 10 हजार महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा वर्ष 2013 से राज्य के महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास विभाग के अधीन आंगनबाडी केन्द्रों के माध्यम से गर्भवती महिलाओं एवं 6 माह से 3 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को पौष्टिक आहार वितरण कराने का कार्य किया जा रहा है। इस योजना से प्रदेशभर के लगभग 9 लाख लोग लाभान्वित हो रहे है तथा टी.एच.आर. योजना से 2 लाख महिलायें जुडी हुई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों से टी.एच.आर. का कार्य छीनकर माह अप्रैल 2021 में ई-टेंडरिंग के माध्यम से बडे ठेकेदारों को यह कार्य सौंपे जाने के लिए निविदायें जारी कर दी गई थी, जिसके विरूद्ध राज्य के महिला स्वयं सहायता समूहों द्वारा आन्दोलन करने के साथ ही मा0 उच्च न्यायालय की शरण ली गई। 25 नवम्बर 2021 को मा0 उच्च न्यायालय द्वारा महिला स्वयं सहायता समूहों के पक्ष में निर्णय देते हुए यथा स्थिति बनाये रखने के निर्देश दिये गये जिसके बाद महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा टी.एच.आर. का भुगतान रोक कर महिला स्वयं सहायता समूहों को प्रताडित किया गया।

See also  देहरादून में भीषण हादसा लक्ष्मीवाला टोल प्लाजा पर डंपर ने तीन गाड़ियों को मारी टक्कर 2 लोगों की मौत

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला ने कहा कि पूर्व में कांग्रेस पार्टी द्वारा टेकहोम राशन की टेण्डर प्रक्रिया का विरोध करने पर मा0 उच्च न्यायालय द्वारा मुहर लगाते हुए टेक होम राशन की टेंडर प्रक्रिया पर रोक लगा दी थी साथ ही उच्च न्यायालय ने सख्त टिप्पणी करते हुए सरकार से जवाब मांगा था कि आखिर स्वयं सहायता समूह को इस टेंडर प्रक्रिया से दूर रखने की साजिश क्यों की गई। उन्होंने कहा कि 2021 में करीब 40,000 से ज्यादा महिलाओं के स्वरोजगार पर इस टेंडर प्रणाली के चलते खतरा मंडरा रहा था परन्तु हाईकोर्ट के आदेश से स्वयं सहायता समूह को थोड़ी राहत मिली थी। इसके उपरान्त नवम्बर 2022 में राज्य सरकार द्वारा इस योजना को यह कहते हुए बंद कर दिया गया कि भारत सरकार के आदेशों का पालन किया गया है।

See also  उत्तराखंड में मनाया जाएगा जनसेवा सप्ताह पिथौरागढ़ में भी पुख्ता तैयारी

सरकार कर रही मनमानी- ज्योति रौतेला

ज्योति रौतेला ने कहा कि अब एक बार फिर से राज्य सरकार द्वारा बिना टेंडर प्रक्रिया अपनाये हुए 250 करोड़ का ठेका भारत सरकार की ऐजेंसी एन.सी.सी.एफ. को देने के लिए मंत्रिमण्डल में प्रस्ताव पास करने की योजना बनाई है। जबकि इसी कार्य के लिए दो अन्य संस्थानों क्रमशः नैफेड एवं केन्द्रीय भंडारण से भी आवेदन मांगे गये थे परन्तु बिचार केवल एनसीसीएफ को टेंडर देने पर हुआ है। यह भी ज्ञातव्य हो कि उत्तराखण्ड के अलावा अन्य राज्यों में नैफेड द्वारा स्थानीय स्वयं सहायता समूहों के साथ मिलकर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट हो गया है कि भाजपा सरकार की महिलाओं को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने की बात महज एक दिखावा है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने अन्य राज्यों की भांति महिला स्वयं सहायता समूहों का सहयोग नहीं लिया गया तो महिला कांग्रेस राज्य सरकार की इस महिला विरोधी नीतियों के विरोध में पूरे राज्य में आन्दोलन करेगी। पत्रकार वार्ता में प्रदेश उपाध्यक्ष आशा मनोरमा शर्मा, महानगर अध्यक्ष उर्मिला थापा, स्वयं सहायता समूह की रीता नेगी, सावित्री, पूजा वेदी आदि उपस्थित थे।

See also  सीएम धामी ने सरकार के तीन साल पूरे होने पर रुद्रपुर में दी विकास योजनाओं की सौगात