अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अंतर्गत जनपद पिथौरागढ़ में योग एवं स्वास्थ्य के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आगामी 15 जून 2026 को “रन फॉर योग” कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” (Yoga for Healthy Aging) निर्धारित की गई है।
कार्यक्रम के अंतर्गत प्रातः 6:30 बजे जिला कार्यालय (डीएम कार्यालय) से रामलीला मैदान तक जागरूकता दौड़ आयोजित की जाएगी। प्रतिभागियों को प्रातः 6:00 बजे तक निर्धारित स्थल पर उपस्थित होने का अनुरोध किया गया है। दौड़ को प्रातः 6:30 बजे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया जाएगा।
इस आयोजन में छात्र-छात्राओं, युवाओं, सरकारी अधिकारियों एवं कर्मचारियों, योग प्रेमियों, सामाजिक संगठनों तथा आम नागरिकों सहित सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। कार्यक्रम का
उद्देश्य योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा समाज में स्वास्थ्य, फिटनेस एवं मानसिक संतुलन के प्रति जागरूकता का संदेश प्रसारित करना है। जिला प्रशासन ने जनपदवासियों से अधिकाधिक संख्या में कार्यक्रम में प्रतिभाग करने की अपील करते हुए कहा है कि वे इस जनजागरूकता अभियान का हिस्सा बनकर स्वस्थ एवं सशक्त समाज के निर्माण में अपना योगदान दें।
“रन फॉर योग” के माध्यम से योग को जन-जन तक पहुंचाने तथा स्वस्थ जीवन के प्रति सकारात्मक संदेश देने का प्रयास किया जाएगा।

More Stories
सड़क के लिए 3 हज़ार से ज़्यादा पेड़ काटने का विरोध, सात मोड़ के पास जुटे लोग
पिथौरागढ़ से सोमनाथ दर्शन के लिए रवाना हुआ 40 सदस्यों का दल
उत्तराखंड संस्कृति विभाग ने सोमनाथ दर्शन के लिए भेजा चमोली का 42 सदस्यीय दल