11 July 2026

Pahad Ka Pathar

Hindi News, हिंदी समाचार, Breaking News, Latest Khabar, Samachar

उत्तराखंड में सोशल मीडिया वॉर, कांग्रेस ने फर्जी पोस्ट को लेकर पुलिस से की शिकायत, 1 हफ्ते में कार्रवाई न होने पर धरना देने की चेतावनी

उत्तराखंड में सोशल मीडिया वॉर, कांग्रेस ने फर्जी पोस्ट को लेकर पुलिस से की शिकायत, 1 हफ्ते में कार्रवाई न होने पर धरना देने की चेतावनी

उत्तराखंड कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज पुलिस महानिरीक्षक (साइबर) नीलेश आनंद भरणे से मुलाकात कर सोशल मीडिया पर कांग्रेस नेताओं के विरुद्ध चलाए जा रहे कथित फर्जी और दुष्प्रचार अभियान के संबंध में विस्तृत ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने अपने आरोपों के समर्थन में संबंधित स्क्रीनशॉट, वीडियो लिंक तथा अन्य उपलब्ध साक्ष्य भी पुलिस प्रशासन को उपलब्ध कराए। ज्ञापन में कहा गया है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर “वसूली अभियान मोर्चा” नामक एक पेज के माध्यम से उत्तराखंड कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं अन्य वरिष्ठ नेताओं के खिलाफ एआई जनरेटेड और भ्रामक वीडियो प्रसारित किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं की छवि को नुकसान पहुंचाना है।

See also  जन जन की सरकार कार्यक्रम के तहत शिविर में सुनीं समस्याएं

कांग्रेस नेताओं ने बताया कि इस संबंध में पूर्व में भी पुलिस प्रशासन को शिकायतें दी जा चुकी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बावजूद अब तक न तो मुकदमा दर्ज किया गया है और न ही दोषियों के विरुद्ध कोई ठोस कदम उठाया गया है।

प्रतिनिधिमंडल में महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी, पूर्व विधायक मनोज रावत,  मुख्य प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी, प्रवक्ता राजेश चमोली, महामंत्री राजेंद्र शाह, प्रशांत खंडूरी एवं रितेश जोशी शामिल रहे। महामंत्री संगठन राजेंद्र भंडारी ने कहा कि लोकतंत्र में असहमति का सम्मान होना चाहिए, लेकिन फर्जी वीडियो और दुष्प्रचार के माध्यम से राजनीतिक दलों और नेताओं की छवि धूमिल करना गंभीर अपराध है।पूर्व विधायक मनोज रावत ने कहा कि यदि ऐसे तत्वों पर समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो यह प्रवृत्ति लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द दोनों के लिए घातक सिद्ध होगी।

See also  केसी वेणुगोपाल का कांग्रेसियों ने देहरादून में किया जोरदार स्वागत

कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन को स्पष्ट रूप से अवगत कराया है कि यदि आगामी एक सप्ताह के भीतर इस मामले में मुकदमा दर्ज कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित नहीं की गई, तो कांग्रेस पार्टी पुलिस मुख्यालय और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगी। उत्तराखंड कांग्रेस ने पुलिस प्रशासन से निष्पक्ष, त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा है कि कानून का राज बनाए रखना और डिजिटल माध्यमों से फैलाए जा रहे दुष्प्रचार पर अंकुश लगाना अत्यंत आवश्यक है।

 

 

See also  देहरादून मास्टर प्लान 2041 को लेकर जनता ने दिए अहम सुझाव
Ad 2